


पूर्णिया। पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा ने शुक्रवार को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर उन्हें बिहार की अहम जिम्मेदारी मिलने पर बुके भेंट कर बधाई दी। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को दो महत्वपूर्ण मांग-पत्र सौंपते हुए सीमांचल के किसानों की समस्याओं की ओर ध्यान आकृष्ट कराया।
पूर्व सांसद ने मुख्यमंत्री से पूर्णिया के खुश्की बाग में सब्जी उत्पादक किसानों के लिए व्यवस्थित सब्जी मंडी निर्माण तथा मक्का किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एम एस पी ) तय कर सरकारी स्तर पर मक्का खरीद सुनिश्चित करने की मांग की। मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने दोनों मांगों पर सकारात्मक पहल का आश्वासन देते हुए सब्जी मंडी निर्माण के लिए अग्रेतर कार्रवाई तथा मक्का किसानों की समस्या पर विचार करने की बात कही।

अपने मांग-पत्र में श्री कुशवाहा ने कहा कि पूर्णिया एवं आसपास के क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर मौसमी सब्जियों की व्यावसायिक खेती होती है। यहां उत्पादित सब्जियां सीमांचल और कोसी क्षेत्र के विभिन्न जिलों में भेजी जाती हैं, लेकिन अब तक किसानों के लिए कोई व्यवस्थित और नियोजित सब्जी मंडी उपलब्ध नहीं है। इसके कारण किसानों को अपने उत्पाद लेकर अलग-अलग बाजारों का चक्कर लगाना पड़ता है, जिससे उन्हें उचित मूल्य नहीं मिल पाता।
उन्होंने कहा कि पूर्णिया में अनाज मंडी तो वर्षों से संचालित है, लेकिन सब्जी उत्पादक किसान दशकों से सब्जी मंडी की मांग कर रहे हैं। खुश्की बाग स्थित कृषि विभाग की खाली पड़ी भूमि पर आधुनिक सब्जी मंडी का निर्माण कराया जा सकता है, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और उन्हें बेहतर बाजार व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी।

दूसरे मांग-पत्र में पूर्व सांसद ने सीमांचल के मक्का किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि सीमांचल बिहार का सबसे बड़ा मक्का उत्पादक क्षेत्र है और पूर्णिया जिले में सर्वाधिक मक्का की खेती होती है। मक्का यहां के किसानों की आर्थिक रीढ़ मानी जाती है, लेकिन किसानों को उनकी मेहनत और लागत के अनुरूप उचित मूल्य नहीं मिल पाता।
उन्होंने बताया कि फसल तैयार होने के समय आर्थिक दबाव के कारण किसान औने-पौने दाम पर अपनी उपज बेचने को मजबूर हो जाते हैं। ऐसे में धान की तर्ज पर मक्का का भी न्यूनतम समर्थन मूल्य तय कर सरकारी खरीद की व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित दाम मिल सके और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो।
















