


कटिहार के कुरसेला थाना का रविवार को बिहार सीआईडी के अपर पुलिस महानिदेशक पारसनाथ ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी और डीएसपी रंजन कुमार भी मौजूद रहे। एडीजी के थाना पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, जिसके बाद उन्होंने पूरे थाना परिसर का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एडीजी ने थाना के विभिन्न अभिलेखों और दस्तावेजों की गहन जांच की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कंप्यूटर कार्यप्रणाली से जुड़े सवाल पूछे और उनकी तकनीकी दक्षता का आकलन किया। साथ ही मालखाना का निरीक्षण करते हुए वहां रखे जब्त वाहनों और अन्य सामान की स्थिति की समीक्षा की।
मीडिया से बातचीत में एडीजी पारसनाथ ने बताया कि वे इन दिनों अलग-अलग जिलों के थानों का दौरा कर रहे हैं। इसका उद्देश्य जमीनी स्तर पर पुलिसिंग व्यवस्था का मूल्यांकन करना और आम जनता को मिलने वाली सुविधाओं तथा प्रशासनिक कार्यप्रणाली की गुणवत्ता को परखना है।
उन्होंने कहा कि कुरसेला थाना में तकनीकी सुधार की आवश्यकता है, हालांकि अन्य व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गई हैं। एडीजी ने यह भी स्पष्ट किया कि पुलिसिंग को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने के लिए थानों को आधुनिक संसाधनों से लैस किया जा रहा है।
इस औचक निरीक्षण के बाद स्थानीय पुलिस महकमे में सक्रियता बढ़ गई है और अधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।













