


नवगछिया । खरीक थाना पुलिस ने गश्ती के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान तुलसीपुर निवासी दिलखुश कुमार के रूप में की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नियमित गश्ती अभियान के दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के क्रम में उसके पास से एक देशी कट्टा एवं एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।

हथियार बरामद होने के बाद पुलिस ने मौके पर ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में खरीक थाना में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपित को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। थाना पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर नियमित गश्ती एवं सघन जांच अभियान जारी रहेगा।














