5
(1)

पूर्णिया । पवित्र श्रावणी मास में सुल्तानगंज की उत्तरवाहिनी मां गंगा से गंगाजल लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम एवं बाबा बासुकीनाथ की कांवर यात्रा पर निकली पूर्णिया की महापौर विभा कुमारी ने शनिवार को अपनी यात्रा पूरी की। यात्रा के समापन पर उन्होंने देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम एवं बाबा बासुकीनाथ मंदिर में विधि-विधान से जलार्पण कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने पूर्णिया वासियों सहित राज्य और देश की सुख-शांति, समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।

महापौर विभा कुमारी 3 अगस्त को सुल्तानगंज से पवित्र गंगाजल लेकर कांवर यात्रा पर निकली थीं। उनके साथ उनके पति एवं निःशुल्क पूर्णिया सेवा शिविर के ट्रस्टी जितेंद्र यादव, वार्ड पार्षद ममता सिंह, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि ललनेश सिंह, मनोज साह, पूर्व वार्ड पार्षद राजीव कुमार उर्फ पप्पू पासवान, नीतू दास, रीमा दास, मुरारी झा, दिलीप चौधरी सहित बड़ी संख्या में कांवरिया मौजूद रहे।

महापौर ने कहा कि श्रावण मास में सुल्तानगंज से बाबा बैद्यनाथ धाम तक की कांवर यात्रा उनके लिए केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि आस्था, सेवा, त्याग और मानवता से जुड़ा पवित्र अनुभव रहा। बाबा भोलेनाथ के चरणों में जल अर्पित कर उन्होंने पूर्णिया सहित पूरे राज्य और देशवासियों की सुख-शांति एवं जनकल्याण की कामना की।

उन्होंने यात्रा के दौरान कांवरियों की सेवा में लगे विभिन्न सेवा शिविरों की सराहना करते हुए कहा कि पदयात्रा कर रहे शिवभक्तों को भोजन, विश्राम, चिकित्सा और पेयजल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराना भगवान शिव की सेवा के समान है।

कांवर यात्रा के दौरान महापौर विभा कुमारी कटोरिया, बांका स्थित निःशुल्क पूर्णिया सेवा शिविर में भी एक दिन रुकीं। वहां उन्होंने शिवभक्तों के साथ पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक, हवन एवं आरती में भाग लिया तथा सेवा कार्यों में भी अपनी सहभागिता निभाई।

निःशुल्क पूर्णिया सेवा शिविर के ट्रस्टी जितेंद्र यादव ने कहा कि सुल्तानगंज से देवघर तक की कांवर यात्रा आस्था और सेवा का अद्भुत संगम रही। उन्होंने कहा कि सेवा शिविर के माध्यम से कांवरियों की सेवा करने का अवसर मिलना सभी के लिए सौभाग्य की बात है। शिविर का उद्देश्य दूर-दराज से आने वाले शिवभक्तों को यात्रा के दौरान आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

कांवर यात्रा के दौरान महापौर विभा कुमारी एवं जितेंद्र यादव देवघर के खिजुरिया-भूतबंगला स्थित अगरसंडा भृगु क्षेत्र, बलिया (उत्तर प्रदेश) द्वारा संचालित नंदी बम सेवा शिविर में भी पहुंचे। यहां शिविर के संस्थापक सदस्य संजय पांडेय एवं अन्य सदस्यों ने बाबा बैद्यनाथ की तस्वीर एवं अंगवस्त्र भेंट कर उनका स्वागत किया।

कांवर यात्रा के समापन पर महापौर ने सभी शिवभक्तों, सेवा शिविरों के संचालकों तथा यात्रा में उनके साथ रहे कांवरियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि श्रावणी कांवर यात्रा ने एक बार फिर समाज में सेवा, श्रद्धा, समर्पण और सामाजिक एकता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: