


किशनगंज। थाना क्षेत्र से लापता हुई चार नाबालिग लड़कियों को पुलिस ने मंगलवार की रात सकुशल बरामद कर लिया। बरामदगी की सूचना मिलते ही परिजनों ने राहत की सांस ली।
प्रभारी थानाध्यक्ष निसार अहमद ने बताया कि चारों नाबालिग लड़कियों के लापता होने की शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई थी। खोजबीन के दौरान सभी को सकुशल बरामद कर लिया गया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें परिजनों को सौंपने की कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, चारों लड़कियां सोमवार को घर से घूमने के लिए निकली थीं और किशनगंज रेलवे स्टेशन पहुंचकर गलती से ट्रेन में सवार होकर आगे निकल गईं। बाद में उन्हें अपनी गलती का एहसास हुआ और वे वापस किशनगंज लौट आईं।
इस बीच परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की प्राथमिकी सदर थाना में दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस और परिजन लगातार उनकी तलाश में जुटे हुए थे। खोजबीन के क्रम में मंगलवार रात सभी लड़कियों को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।













