5
(2)

अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था

पूर्णिया। बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने को लेकर बुधवार को जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त सह प्रभारी जिला पदाधिकारी अंजनि कुमार एवं पुलिस अधीक्षक स्वीटी सहरावत ने संयुक्त रूप से समाहरणालय स्थित महानंदा सभागार में की।

बैठक में बताया गया कि ईद-उल-जोहा (बकरीद) का पर्व 28 एवं 29 मई तक मनाया जाएगा। प्रशासन द्वारा पर्व को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा सामान्य स्थिति होने तक प्रतिनियुक्त पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में तैनात रहेंगे।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में शांति, भाईचारा एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में जिला शांति समिति की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। समिति के सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।

नगर निकायों को साफ-सफाई, जलजमाव वाले स्थलों की मरम्मत एवं वार्ड पार्षदों के साथ समन्वय बनाकर पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने का निर्देश दिया गया। वहीं विद्युत विभाग को बिजली के जर्जर तारों को समय रहते सुरक्षित ढंग से दुरुस्त करने को कहा गया।

बैठक में स्पष्ट रूप से कहा गया कि किसी भी प्रकार की अफवाह, शरारत, सांप्रदायिक तनाव या विधि-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक स्वीटी सहरावत ने कहा कि जिले के संवेदनशील एवं अति संवेदनशील क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। क्यूआरटी टीम, सीसीटीवी कैमरे एवं वीडियोग्राफी के माध्यम से चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाएगी। इसके साथ ही जिले में लगातार फ्लैग मार्च भी किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जिला साइबर सेल लगातार सक्रिय रहेगा और सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। किसी भी प्रकार की संदिग्ध या भ्रामक सूचना मिलने पर उसे साझा करने के बजाय तुरंत प्रशासन को सूचित करने की अपील की गई।

बैठक में भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर संबंधित विभागों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया। अफवाहों का त्वरित खंडन करने की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा गया।

शांति समिति के सदस्यों ने बैठक में कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इनमें मस्जिदों एवं ईदगाहों के पास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित कचरा उठाव, मोटरसाइकिल पर तीन सवारी करने वालों पर कार्रवाई, बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने, असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण, नमाज स्थलों एवं नालों की साफ-सफाई, सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा जलजमाव की समस्या दूर करने जैसे सुझाव शामिल रहे।

नगर निगम की ओर से बताया गया कि पर्व को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा कचरा निस्तारण के लिए सुरक्षित स्थान चिन्हित कर लिए गए हैं। नगर कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि विभिन्न क्षेत्रों में ब्लीचिंग पाउडर, चुना, नमक एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध करा दी गई है तथा विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है।

बैठक में अपर समाहर्ता रवि राकेश, विधि-व्यवस्था प्रभारी राजकुमार गुप्ता, विभागीय जांच पदाधिकारी विनय कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक रंजन, अनुमंडल पदाधिकारी श्वेतम दीक्षित, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी दिलीप सरकार सहित शांति समिति के सदस्य एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: