


भागलपुर । मुंगेर जिले के असरगंज थाना क्षेत्र के अमैया संग्रामपुर गांव में कूड़ा फेंकने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान कंपनी पासवान के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
मृतक की पुत्री ने बताया कि उनकी मां ने पड़ोसी से घर के मुख्य द्वार के सामने कूड़ा नहीं फेंकने तथा कुछ दूरी पर कूड़ा डालने का अनुरोध किया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद पड़ोसी पक्ष के चार से पांच लोग उनके घर पहुंचे और कंपनी पासवान के साथ लाठी-डंडे से मारपीट की।
मारपीट में गंभीर रूप से घायल कंपनी पासवान को पहले असरगंज अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (मायागंज) रेफर कर दिया। मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद आरोपी घर से कुछ सामान और जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजन आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
















