


गंभीर हालत में मायागंज अस्पताल रेफर
नवगछिया: परबत्ता थाना क्षेत्र के छोटी परबत्ता गांव में शुक्रवार को कुट्टी मशीन से चारा काटने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। मशीन की चपेट में आने से गांव निवासी छोटू कुमार (पिता- ढोली यादव) का बायां हाथ गंभीर रूप से कट गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, छोटू कुमार अपने घर पर पशुओं के लिए कुट्टी मशीन से चारा काट रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका बायां हाथ मशीन में फंस गया, जिससे हाथ बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उनकी चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा तत्काल मशीन बंद कर उन्हें बाहर निकाला।
घटना के तुरंत बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को अनुमंडल अस्पताल, नवगछिया लाया गया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन स्थिति गंभीर होने के कारण बेहतर इलाज के लिए उन्हें जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मायागंज), भागलपुर रेफर कर दिया।
फिलहाल घायल युवक का इलाज मायागंज अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने इस तरह की मशीनों का उपयोग करते समय पूरी सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।















