


पूर्णिया। पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र के ईस्ट ब्लॉक सभागार में शनिवार को आयोजित जनता दरबार का निरीक्षण विधायक विजय खेमका ने किया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और जनता दरबार की व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई विभागों के अधिकारियों की अनुपस्थिति तथा अव्यवस्थित व्यवस्थाओं पर विधायक ने नाराजगी जताई।

विधायक ने राजस्व अधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त सभी आवेदनों का विधिवत पंजीकरण किया जाए। साथ ही आवेदकों के बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल की उपलब्धता तथा संबंधित अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध एवं नियमानुसार समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
विजय खेमका ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रत्येक शनिवार प्रखंड मुख्यालय में जनता दरबार की व्यवस्था की है। इसके अलावा प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायतों एवं नगर निकायों के वार्डों में सहयोग शिविर तथा प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को सभी पंचायतों में विकास शिविर एवं ग्राम सभा का आयोजन किया जाता है।
उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनता की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जनता दरबार की सभी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करें तथा प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक, प्रखंड विकास पदाधिकारी, राजस्व अधिकारी, बीस सूत्री अध्यक्ष श्रीमती पानो देवी, विधायक प्रतिनिधि पवन भगत, संजय मिश्रा, वीरेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में आवेदक उपस्थित थे।
















