


फेडरल बैंक कर्मी से हथियार के बल पर हुई थी लूट
भागलपुर । इस्माईलपुर थाना क्षेत्र में फेडरल बैंक कर्मी से हुई लूटकांड मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान इस्माईलपुर थाना क्षेत्र निवासी मनीष कुमार, पिता डमरू साह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार 8 सितंबर 2025 को इस्माईलपुर थाना क्षेत्र के नेवादास टोला जाने वाली सड़क पर भमरा के पास मोटरसाइकिल सवार तीन अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर फेडरल बैंक कर्मी से नगद राशि, मोबाइल, मोटरसाइकिल और अन्य दस्तावेज लूट लिए थे। बैंककर्मी इस्माईलपुर से कैश कलेक्शन कर नवगछिया शाखा लौट रहे थे।

घटना के बाद इस्माईलपुर थाना में कांड संख्या 168/25 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। मामले में पूर्व में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। वहीं अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी।
इसी क्रम में 24 मई को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लूटकांड में संलिप्त आरोपी मनीष कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
















