5
(1)

टाटा 407 में तहखाना बनाकर छिपाई गई थी शराब, कसबा पुलिस ने वैशाली के युवक को किया गिरफ्तार

पूर्णिया। मछली परिवहन की आड़ में विदेशी शराब की तस्करी करने के एक बड़े मामले का कसबा थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने टाटा 407 वाहन में विशेष तहखाना बनाकर छिपाई गई 419 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। मौके से वाहन चालक को गिरफ्तार करने के साथ तस्करी में प्रयुक्त टाटा 407 और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

गुप्त सूचना पर काठ पुल चौक में वाहन जांच

पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 की रात करीब 2:30 बजे सूचना मिली कि उजले और लाल रंग के टाटा 407 वाहन में भारी मात्रा में विदेशी शराब लादकर जीरोमाइल से कसबा होते हुए मधेपुरा की ओर ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही कसबा थाना पुलिस ने काठ पुल चौक पर वाहन जांच अभियान शुरू किया।

सुबह करीब 3:10 बजे संदिग्ध टाटा 407 वाहन तेज गति से आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली। वाहन में चालक के अलावा कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था। पूछताछ में चालक ने अपनी पहचान रमेश कुमार (20 वर्ष), पिता लक्ष्मण राय, निवासी महुआ वार्ड संख्या-07, थाना महुआ, जिला वैशाली के रूप में बताई।

मछली के बक्सों के नीचे बनाया था तहखाना

प्रारंभिक पूछताछ में चालक ने पुलिस को बताया कि वाहन में थर्मोकोल के बक्से रखे हैं, जिनमें बर्फ के साथ मछली रखी गई है। हालांकि, वाहन की बनावट और चालक के जवाब पर संदेह होने के बाद पुलिस ने गहन तलाशी ली। इस दौरान वाहन के डाले के नीचे विशेष रूप से बनाया गया तहखाना मिला। तहखाने की जांच करने पर उसमें छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई।

पुलिस के अनुसार, तस्करों ने मछली परिवहन का बहाना बनाकर शराब की खेप छिपाने की व्यवस्था की थी। बरामद शराब की कुल मात्रा 419 लीटर बताई गई है।

वाहन और मोबाइल फोन भी जब्त

पुलिस ने मौके से उजले और लाल रंग का टाटा 407 वाहन, जिसका पंजीकरण नंबर WB51A-9251 है, तथा एक नोकिया कीपैड मोबाइल फोन जब्त किया है। गिरफ्तार चालक से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी।

तस्करी के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस मोबाइल फोन की भी जांच कर रही है, ताकि तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और संपर्कों का पता लगाया जा सके। इस कारोबार में शामिल अन्य आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2 डॉ. गौरव कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की। छापेमारी दल में कसबा थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और कर्मी शामिल थे।

मामले में कसबा थाना कांड संख्या 463/26, दिनांक 31 अक्टूबर 2026 के तहत बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2016 की धारा 30(ए) में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: