


नवगछिया के मदरौनी गांव में बाढ़ की स्थिति लगातार भयावह बनी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, पिछले 22 दिनों से गांव के कई हिस्सों में कोसी का पानी फैला हुआ है। बाढ़ के पानी से घिरे घरों में रहने वाले कई परिवार अपने घरों की छतों पर रहने को मजबूर हैं। गांव में आवागमन का प्रमुख साधन नाव बनी हुई है।
मदरौनी की गंभीर स्थिति को देखते हुए गांव के समाजसेवी सुजीत कुमार सिंह ने अपनी टीम के साथ राहत कार्य शुरू किया। टीम नाव के माध्यम से बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंची और पानी से घिरे घरों तक राशन एवं राहत सामग्री पहुंचाकर जरूरतमंद परिवारों के बीच वितरण किया।

बाढ़ के कारण ग्रामीणों के सामने भोजन सहित रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की समस्या बनी हुई है। ऐसे समय में नाव के जरिए घर-घर पहुंचकर राहत सामग्री उपलब्ध कराने से प्रभावित परिवारों को काफी सहायता मिली। समाजसेवी और उनकी टीम ने बाढ़ प्रभावित लोगों की स्थिति का जायजा भी लिया।
राहत वितरण कार्य में सुजीत कुमार सिंह के साथ विजय सिंह, शंकर कुमार, मोहम्मद शाबिर, डब्लू चौरसिया, चमणजीत सिंह, उपमुखिया राजीव सिंह, ढूनढून सिंह, बाजन शर्मा, छाँगुरी शर्मा समेत कई लोग शामिल रहे।

आपदा की इस घड़ी में बाढ़ प्रभावित परिवारों तक नाव से पहुंचकर राहत सामग्री उपलब्ध कराने के प्रयास की स्थानीय लोगों ने सराहना की। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार जलजमाव के कारण सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है और प्रभावित परिवारों को लगातार सहायता की आवश्यकता है।
समाजसेवी सुजीत कुमार सिंह ने कहा कि आपदा के समय जरूरतमंद लोगों की मदद करना सामाजिक जिम्मेदारी है। बाढ़ प्रभावित परिवारों तक अपनी क्षमता के अनुसार राहत पहुंचाने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।
















