5
(1)

भागलपुर जिले के जगदीशपुर प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय वादे हसनपुर में कक्षा चार और पांच के छात्रों के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सुनैना देवी के पति अखिलेश प्रसाद सिंह उर्फ अखिल कुमार ने बच्चों के साथ बेरहमी से मारपीट की। घटना के बाद विद्यालय में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।

पीड़ित छात्र निवास कुमार सहित अन्य बच्चों ने बताया कि उन्हें बिना किसी ठोस कारण के बुरी तरह पीटा गया। बच्चों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं पहले भी होती रही हैं, लेकिन डर के कारण वे कुछ कह नहीं पाते थे। इस घटना के बाद परिजन आक्रोशित हैं और विद्यालय प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठा रहे हैं।

अभिभावकों का कहना है कि स्कूल परिसर में किसी बाहरी व्यक्ति द्वारा बच्चों के साथ मारपीट किया जाना बेहद गंभीर और निंदनीय है। इसे विद्यालय प्रबंधन की बड़ी लापरवाही बताया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, बच्चों की सुरक्षा को लेकर स्कूल प्रशासन पूरी तरह विफल रहा है।

विद्यालय प्रबंधन समिति के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया लाल मंडल ने बताया कि वे लगभग दस वर्षों तक अध्यक्ष रहे, लेकिन विद्यालय की बदहाल स्थिति और लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए उन्होंने पद छोड़ दिया। उनका कहना है कि स्कूल की व्यवस्था लंबे समय से ठीक नहीं है और बच्चों के साथ दुर्व्यवहार की घटनाएं होती रही हैं।

वहीं, गांव के मुखिया अनरुद्ध प्रसाद महतो ने आरोप लगाया कि विद्यालय की स्थिति खराब होने का मुख्य कारण प्रधानाध्यापिका के पति द्वारा बच्चों के साथ रोजाना मारपीट करना है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कई बार मौखिक शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

मामले की जानकारी मिलने के बाद शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं। अभिभावकों ने दोषी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

इस बीच, घटना को लेकर जब मीडिया ने प्रधानाध्यापिका से प्रतिक्रिया लेनी चाही तो वे कैमरे से बचती हुई नजर आईं। फिलहाल प्रशासन द्वारा मामले की जांच किए जाने की बात कही जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: