
@ भागलपुर में मिड-डे मील योजना में अनियमितता पर बड़ा एक्शन, डीएम अलंकृता पाण्डेय की अध्यक्षता में समिति ने लिया कार्रवाई का फैसला।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। बिहार के भागलपुर जिले में मध्याह्न भोजन योजना में अनियमितता और सरकारी राशि की कथित फर्जी निकासी के मामलों को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। जिलाधिकारी श्रीमती अलंकृता पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय चयन एवं अवधि विस्तार समिति की बैठक में संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, प्रभारी प्रधानाध्यापक और रसोइया के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में दो गंभीर मामलों की समीक्षा की गई। पहला मामला गोराडीह प्रखंड के मध्य विद्यालय तरछा में राशि की कथित फर्जी निकासी से संबंधित है। वहीं, दूसरा मामला सुल्तानगंज प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय आजादनगर पनसलवा में मध्याह्न भोजन में छिपकली पाए जाने का है। इन दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए समिति ने संबंधित प्रखंड साधन सेवी, विद्यालय के प्रधानाध्यापक अथवा प्रभारी प्रधानाध्यापक तथा रसोइया के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्णय लिया।
मध्याह्न भोजन योजना का उद्देश्य स्कूली बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है। ऐसे में भोजन की गुणवत्ता में लापरवाही और सरकारी राशि के दुरुपयोग से जुड़े मामले शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं। जिला प्रशासन के इस फैसले से संबंधित विद्यालयों के जिम्मेदार कर्मियों पर कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है।
बैठक में जिलाधिकारी अलंकृता पाण्डेय के अलावा जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुधीर कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (मध्याह्न भोजन), अग्रणी जिला प्रबंधक (LDM), बैंक प्रतिनिधि समेत संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
















