5
(1)



सड़क जाम कर किया विरोध प्रदर्शन, एक घंटे बाधित रहा आवागमन

नवगछिया  : गोपालपुर प्रखंड अंतर्गत आदर्श मध्य विद्यालय लतरा में मंगलवार को मध्यान भोजन की गुणवत्ता और विद्यालय व्यवस्था को लेकर छात्र-छात्राओं का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। नाराज बच्चों ने नवगछिया से तीनटंगा करारी जाने वाली पीडब्ल्यूडी सड़क को जाम कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।


सुबह करीब 10 बजे छात्राओं ने सड़क पर बांस और चौकी लगाकर आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया। करीब एक घंटे तक सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

आठवीं कक्षा की छात्रा सोनाली कुमारी, सुहानी कुमारी समेत अन्य बच्चों ने आरोप लगाया कि विद्यालय में नियमित रूप से पढ़ाई नहीं होती और मध्यान भोजन में कई दिनों से कीड़े निकल रहे हैं। छात्राओं का कहना था कि इस संबंध में विद्यालय प्रबंधन से कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। लगातार अनदेखी से नाराज होकर बच्चों ने सड़क जाम कर विरोध जताया।


छात्राओं ने कहा कि स्कूल में साफ-सफाई की स्थिति भी ठीक नहीं है और मध्यान भोजन खाने लायक नहीं रहता। बच्चों का आरोप था कि भोजन की गुणवत्ता खराब होने के बावजूद विद्यालय प्रशासन मामले को गंभीरता से नहीं ले रहा है।

सड़क जाम की सूचना मिलते ही प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी घनश्याम पासवान, शिक्षक अनिल अनल, छोटू कुमार तथा गोपालपुर थाना अध्यक्ष इंस्पेक्टर मिथिलेश कुमार और दरोगा कुमोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने बच्चों और ग्रामीणों को समझाकर मामला शांत कराया, जिसके बाद करीब एक घंटे बाद यातायात बहाल हो सका।


हालांकि सड़क जाम समाप्त होने के बाद भी विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों का आक्रोश बना रहा। स्थानीय ग्रामीण गौरव कुमार समेत कई लोगों ने विद्यालय की व्यवस्था में सुधार की मांग की और कहा कि बच्चों के भविष्य के साथ लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

वहीं विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका अनीता देवी ने बच्चों द्वारा लगाए गए आरोपों से इनकार किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखा जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि बच्चों ने कीड़ा कहां से लाया और सड़क जाम क्यों किया, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।

घटना के बाद शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: