5
(1)

राजभाषा हिंदी के प्रभावी प्रयोग और कार्यालयी कार्यों में उपयोग पर दिया गया प्रशिक्षण

भागलपुर ।
राजभाषा हिंदी के प्रगतिशील प्रयोग को बढ़ावा देने तथा कार्यालयी कार्यों में हिंदी के प्रभावी उपयोग को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मालदा मंडल के राजभाषा विभाग द्वारा मंडल कार्यालय स्थित मंदार सभाकक्ष में महिला कर्मचारियों के लिए एक दिवसीय हिंदी कार्यशाला का आयोजन किया गया।

मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यशाला में विभिन्न विभागों की महिला कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यशाला का उद्देश्य कर्मचारियों को राजभाषा हिंदी के व्यावहारिक उपयोग के प्रति जागरूक करना तथा उनके कार्यालयी कार्यों में हिंदी के प्रयोग को अधिक प्रभावी बनाना था।

कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को टिप्पणी एवं प्रारूप लेखन, कार्यालयी पत्राचार, राजभाषा अधिनियम एवं नियमों के प्रावधानों के साथ-साथ कंप्यूटर पर हिंदी में कार्य करने की विभिन्न विधियों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में सरकारी कार्यालयों में हिंदी के सरल, स्पष्ट एवं शुद्ध प्रयोग पर विशेष बल दिया गया।

कार्यशाला का संचालन राजभाषा विभाग, मालदा मंडल के वरिष्ठ अनुवादक विद्यासागर राम द्वारा किया गया। उन्होंने प्रतिभागियों को कार्यालयी कार्यों में हिंदी के प्रयोग से संबंधित विभिन्न व्यावहारिक पहलुओं से अवगत कराया तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। प्रशिक्षण सत्र के दौरान कर्मचारियों को हिंदी में नोटिंग, ड्राफ्टिंग एवं पत्राचार की तकनीकी बारीकियों से भी परिचित कराया गया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि राजभाषा हिंदी का प्रभावी प्रयोग न केवल सरकारी कार्यों को अधिक सहज और जनोन्मुखी बनाता है, बल्कि प्रशासनिक पारदर्शिता और संवाद को भी मजबूत करता है। इसलिए सभी कर्मचारियों को दैनिक कार्यों में हिंदी के प्रयोग को प्राथमिकता देनी चाहिए।

मालदा मंडल का राजभाषा विभाग समय-समय पर कर्मचारियों के बीच हिंदी के प्रगतिशील प्रयोग को प्रोत्साहित करने तथा उनकी राजभाषा संबंधी दक्षता बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण, कार्यशालाओं एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करता रहा है। इसी कड़ी में आयोजित यह कार्यशाला भी कर्मचारियों के लिए उपयोगी और ज्ञानवर्धक साबित हुई।

कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने कार्यशाला की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से कार्यालयी कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा मिलेगा तथा कर्मचारियों का आत्मविश्वास भी बढ़ेगा। यह कार्यशाला राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार और कार्यालयी कार्यप्रणाली में उसके प्रभावी उपयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: