5
(1)

पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने प्रस्तावित भूमि का किया निरीक्षण, जर्जर ट्रांसफार्मर बदलने का दिया निर्देश

कटिहार ।
कटिहार प्रखंड के सिरनियां पुरब पंचायत में नियमित एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने बुधवार को प्रस्तावित पावर सब स्टेशन के लिए चिन्हित सरकारी भूखंड का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ विद्युत आपूर्ति प्रमंडल कटिहार के कार्यपालक अभियंता, अंचल पदाधिकारी, सहायक अभियंता, राजस्व विभाग के कर्मी तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान पूर्व उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों से प्रस्तावित परियोजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक कदम शीघ्र उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सिरनियां पुरब पंचायत सहित आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से बेहतर विद्युत आपूर्ति की आवश्यकता महसूस की जा रही है। नए पावर सब स्टेशन की स्थापना से हजारों उपभोक्ताओं को इसका सीधा लाभ मिलेगा और बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा।

निरीक्षण के क्रम में तारकिशोर प्रसाद मनियां पिपरा गांव भी पहुंचे, जहां उन्होंने क्षेत्र में स्थापित जर्जर 100 केवीए ट्रांसफार्मर की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से पुराने ट्रांसफार्मर को हटाकर उसकी जगह 200 केवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर स्थापित करने का निर्देश दिया, ताकि बढ़ते विद्युत भार के कारण उपभोक्ताओं को होने वाली परेशानी दूर हो सके।

पूर्व उपमुख्यमंत्री ने विद्युत कार्यपालक अभियंता को निर्देशित करते हुए कहा कि नए पावर सब स्टेशन की स्थापना होने तक क्षेत्र में वैकल्पिक व्यवस्था के माध्यम से सुचारू और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आम लोगों को बिजली संबंधी समस्याओं से राहत दिलाना सरकार की प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के लिए सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके। ग्रामीणों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही बिजली समस्याओं के समाधान की उम्मीद जताई।

मौके पर भाजपा नेता धर्मनाथ तिवारी, वीरेंद्र यादव, बब्बन झा, शेखर जयसवाल, रामलखन साह, पप्पू साह, अशोक चौधरी, जितेंद्र सिंह, रामचंद्र मुर्मू, दिनेश ठाकुर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने पूर्व उपमुख्यमंत्री को क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से भी अवगत कराया, जिस पर उन्होंने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: