


भागलपुर के नाथनगर थाना क्षेत्र स्थित शाहपुर गांव के प्रसिद्ध काली मंदिर में सोमवार तड़के हुई चोरी की बड़ी वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात चोर मंदिर में स्थापित मां काली की प्रतिमा और करीब 24 किलोग्राम चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, चोरी गए सामान में लगभग 11 किलोग्राम वजनी मां काली की प्रतिमा, करीब 8 किलोग्राम वजन के 11 चांदी के झाप (आभूषण) तथा लगभग 5 किलोग्राम वजन के दो चांदी के मुकुट शामिल हैं। सुबह जब मंदिर के पुजारी और श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे तो मंदिर का ताला टूटा मिला और प्रतिमा व आभूषण गायब थे। घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में रात करीब 1:45 बजे एक संदिग्ध युवक मंदिर परिसर में प्रवेश करता दिखाई दे रहा है। फुटेज के अनुसार, उसने पहले मुख्य गेट का ताला तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहने पर बालकनी के रास्ते मंदिर के अंदर घुस गया। इसके बाद उसने मां काली की प्रतिमा और चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। पास के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में आरोपी चोरी के बाद भागता हुआ भी दिखाई दे रहा है। फुटेज में एक हरे रंग का सीएनजी ऑटो भी नजर आया है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि चोर उसी वाहन से आया और फरार हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही नाथनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। अपर थानाध्यक्ष नईम अहमद ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईयू, एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) और डॉग स्क्वायड की टीम को जांच में लगाया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
मंदिर में हुई इस बड़ी चोरी की घटना से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरी का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी तथा चोरी गई प्रतिमा और आभूषण बरामद करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
















