


‘मैंगो मैन’ के बाग से चली बिहार की शाही सौगात
भागलपुर : विश्वप्रसिद्ध जर्दालू आम की मिठास एक बार फिर देश के सर्वोच्च संवैधानिक पदों तक पहुंचने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ में अपनी विशेष पहचान बना चुके भागलपुर के जर्दालू आम की खेप जल्द ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारत के मुख्य न्यायाधीश सहित कई विशिष्ट गणमान्य व्यक्तियों तक पहुंचेगी।
बिहार सरकार की ओर से हर वर्ष भेजी जाने वाली इस पारंपरिक सौगात को लेकर कृषि एवं उद्यान विभाग पूरी सक्रियता के साथ तैयारियों में जुटा हुआ है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में शुरू हुई इस विशेष परंपरा को इस वर्ष भी पूरे सम्मान और उत्साह के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
दिल्ली भेजे जाने वाले उच्च गुणवत्ता वाले जर्दालू आम भागलपुर के तिलकपुर स्थित प्रसिद्ध ‘मधुवन नर्सरी’ से तैयार किए जा रहे हैं। इस नर्सरी के संचालक बिहार के चर्चित प्रगतिशील किसान एवं शोधकर्ता अशोक कुमार चौधरी हैं, जिन्हें देशभर में ‘मैंगो मैन’ के नाम से जाना जाता है। उन्होंने जर्दालू आम की गुणवत्ता सुधार और विभिन्न किस्मों के संरक्षण एवं संवर्धन पर वर्षों तक शोध किया है।
उद्यान विभाग के पदाधिकारी मोहम्मद खलिल अहमद और किसान अशोक कुमार चौधरी ने बताया कि जिला प्रशासन के दिशा-निर्देश पर करीब 100 क्विंटल उच्च गुणवत्ता वाले जर्दालू आम की विशेष पैकेजिंग की जा रही है। इनमें से 50 क्विंटल आम की पहली खेप पटना स्थित बियाडा पैक हाउस भेजी जा चुकी है, जबकि शेष 50 क्विंटल आम की छंटाई, गुणवत्ता जांच और पैकिंग अधिकारियों की निगरानी में की जा रही है।
उन्होंने बताया कि गुणवत्ता मानकों की अंतिम जांच के बाद बुधवार को पटना के बिहटा से यह विशेष खेप दिल्ली के लिए रवाना कर दी जाएगी, जहां इसे देश के शीर्ष नेतृत्व और विशिष्ट हस्तियों को सम्मान स्वरूप भेंट किया जाएगा।
जीआई टैग प्राप्त भागलपुर का जर्दालू आम अपनी अनूठी खुशबू, रसीले स्वाद और सुपाच्य गुणों के लिए देश-विदेश में प्रसिद्ध है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार इसकी विशेष गुणवत्ता इसे अन्य आमों से अलग पहचान दिलाती है। यही कारण है कि भागलपुर का जर्दालू आम बिहार की पहचान बनकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट उपस्थिति दर्ज करा रहा है।
पिछले लगभग दो दशकों से बिहार की इस गौरवशाली पहचान और मिठास को देश के सर्वोच्च नेतृत्व तक पहुंचाने की परंपरा लगातार जारी है। इस वर्ष भी भागलपुर का जर्दालू आम अपनी खुशबू और स्वाद के साथ राजधानी दिल्ली में बिहार का मान बढ़ाने के लिए तैयार है।













