


पूर्णिया। बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने शनिवार को अररिया जिले के घुरना में जयनगर से घुरना (भारत-नेपाल सीमा) भाया नरपतगंज पथ के सुदृढ़ीकरण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। लगभग 35.770 किलोमीटर लंबी इस सड़क परियोजना को सीमावर्ती क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि यह सड़क सामरिक और व्यापारिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। भारत-नेपाल सीमा तक सीधा संपर्क स्थापित होने से सुरक्षा बलों के आवागमन में सुविधा मिलेगी, वहीं सीमावर्ती क्षेत्रों में व्यापार, परिवहन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य बिहार के हर क्षेत्र को मजबूत सड़क नेटवर्क से जोड़ना है। आधारभूत संरचना के विकास से ही प्रदेश में आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी और ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास संभव होगा।

इस अवसर पर प्रदीप कुमार सिंह (सांसद), देवंती यादव (विधायक, नरपतगंज) तथा आफताब अजीम (जिला परिषद अध्यक्ष) सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया और परियोजना के लिए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
स्थानीय लोगों का मानना है कि सड़क निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा, व्यापारिक गतिविधियां बढ़ेंगी तथा सीमावर्ती इलाकों के विकास को नई गति मिलेगी।














