


स्कॉर्पियो से 21 लाख का गांजा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
पूर्णिया : पूर्णिया पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मरंगा टोल प्लाजा के पास वाहन जांच अभियान के दौरान एक स्कॉर्पियो से करीब 91 किलो 200 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजा की कीमत लगभग 21 लाख रुपये बताई जा रही है। मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद नशा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि गांजा की खेप को दूसरे जिले में सप्लाई करने की तैयारी थी, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने कार्रवाई कर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने गांजा लदे स्कॉर्पियो वाहन को भी जब्त कर लिया है।
मरंगा थानाध्यक्ष कौशल कुमार एवं बियाडा टीओपी अध्यक्ष अरुण कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में गांजा लेकर एक वाहन गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही मरंगा टोल प्लाजा के पास सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया गया।

इसी दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन के अंदर छिपाकर रखा गया करीब 91 किलो 200 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने वाहन में सवार दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान अररिया जिले के फारबिसगंज जामुन चौक निवासी बजरंग पासवान एवं जोगबनी के विष्णुपुर पिपरा निवासी पवन कुमार यादव के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजा की यह बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।
मरंगा थाना पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों एवं सप्लायरों की तलाश भी कर रही है।
















