


भागलपुर से एक दुखद खबर सामने आई है। मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के दौरान मिसाइल हमले में जान गंवाने वाले भागलपुर निवासी इंजीनियर देवनंदन प्रसाद सिंह का शव करीब 20 दिन बाद उनके पैतृक आवास मशाकचक पहुंचा। शव के गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

जानकारी के अनुसार देवनंदन प्रसाद सिंह बिश्नोई कंपनी के जहाज पर एडिशनल चीफ इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि वे ईरान से जहाज लेकर भारत लौट रहे थे। इसी दौरान होर्मुज की खाड़ी के समीप उनके जहाज पर मिसाइल हमला हुआ, जिसमें उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद से ही परिवार गहरे सदमे में था। शव के घर पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। आसपास के लोगों, रिश्तेदारों और परिचितों ने पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।

स्थानीय लोगों ने दिवंगत इंजीनियर को मिलनसार, मेहनती और कर्तव्यनिष्ठ व्यक्तित्व बताया। क्षेत्र में मातमी माहौल बना हुआ है। परिजनों द्वारा अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही है। प्रशासनिक एवं सामाजिक स्तर पर भी लोगों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।













