5
(2)

पूर्णिया। मिल्लिया फखरुद्दीन अली अहमद बीएड शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, रामबाग, पूर्णिया के सभागार में शनिवार को बीएड सत्र 2024-26 के छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जूनियर सत्र 2025-27 के छात्र-छात्राओं की ओर से किया गया। समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ सीनियर छात्रों को भावपूर्ण विदाई दी गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शहबाज रिजवी एवं वरिष्ठ प्राध्यापकों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर प्राचार्य एवं सहायक प्राध्यापकों ने विदा हो रहे भावी शिक्षकों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

विदाई समारोह को यादगार बनाने के लिए सत्र 2025-27 के छात्र-छात्राओं ने मिल्लिया तराना, स्वागत गीत, विदाई गीत, मनमोहक नृत्य एवं समूहगान की प्रस्तुतियां दीं। जूनियर छात्रों ने सीनियर साथियों के साथ बिताए खट्टे-मीठे पलों को याद करते हुए भावुक संदेश भी दिए। इससे समारोह का माहौल भावुक हो गया।

जूनियर छात्रों ने परंपरा के अनुसार सत्र 2024-26 के सीनियर छात्र-छात्राओं को स्मृति के रूप में उपहार एवं स्मृति-चिह्न भेंट किए। वहीं सीनियर छात्रों ने महाविद्यालय में बिताए अपने अनुभव साझा किए और प्राचार्य एवं प्राध्यापकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संस्थान से प्राप्त शिक्षा, संस्कार और मार्गदर्शन उन्हें भविष्य में एक आदर्श शिक्षक बनने में मदद करेगा।

22 मेधावी छात्र-छात्राओं को मिला सम्मान

समारोह का प्रमुख आकर्षण मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह रहा। प्राचार्य डॉ. शहबाज रिजवी ने विश्वविद्यालय परीक्षा-2026 में महाविद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बीएड सत्र 2024-26 के 12 छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

सम्मानित विद्यार्थियों में साजिया मंजूर ने प्रथम, सानिया हसन ने द्वितीय तथा खुशी सिंह, शशि कुमार एवं सोनू कुमार राय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। नौखेज अहमद एवं आयसा प्रवीण छठे, जैबून निशां आठवें, नैना नौवें तथा चांदनी कुमारी, रवि पटेल एवं अबू फैजान ने दसवां स्थान हासिल किया।

इसी क्रम में बीएड सत्र 2025-27 के विश्वविद्यालय परीक्षा-2026 में महाविद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10 छात्र-छात्राओं को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इनमें नायमा अकबर ने प्रथम, ज्योति कुमारी ने द्वितीय, जेबा प्रवीण ने तृतीय, कहकशां वारसी एवं मुस्कान प्रवीण ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। ईशा साहा एवं आस्था छठे तथा मो. निशार राई, वैशाली भारती एवं मो. अर्सलान ने आठवां स्थान हासिल किया।

शिक्षक राष्ट्र का निर्माता : प्राचार्य

समारोह को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. शहबाज रिजवी ने कहा कि आज का दिन संस्थान के लिए गौरव और भावुकता से भरा है। बीएड सत्र 2024-26 के छात्र यहां से विदा ले रहे हैं और यह गर्व की बात है कि महाविद्यालय ने समाज को समर्पित करने के लिए कुशल एवं आदर्श शिक्षकों की नई पीढ़ी तैयार की है।

उन्होंने कहा कि यह विदाई किसी सफर का अंत नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के नए अध्याय की शुरुआत है। शिक्षक राष्ट्र का निर्माता होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से कठिन परिश्रम और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जो विद्यार्थी इस बार सम्मानित सूची में स्थान नहीं बना पाए, उन्हें निराश होने की जरूरत नहीं है। जीवन में सफलता के लिए निरंतर मेहनत और अनुशासन सबसे महत्वपूर्ण है।

प्राचार्य ने जूनियर सत्र के विद्यार्थियों द्वारा आयोजित विदाई समारोह की सराहना करते हुए कहा कि प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों के भीतर ज्ञान की जो ज्योति प्रज्वलित की है, अब समय है कि वे समाज के हर कोने में शिक्षा का प्रकाश फैलाएं और एक सच्चे एवं आदर्श शिक्षक के रूप में अपनी पहचान स्थापित करें।

उन्होंने कहा कि संस्थान अपने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल एवं समृद्ध भविष्य की कामना करता है।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। समारोह को सफल बनाने में प्राचार्य के साथ सभी सहायक प्राध्यापकों, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में डॉ. मुरलीधर कुमार, कमलेश कुमार, प्रवीण कुमार सिंह, राजीव कुमार, सौरभ कुमार, अंसारूल हक, शादाब कौशर, मो. सफीर अहमद, सूरज कुमार, बुनो, सुधा, उमा एवं बबीता सहित अन्य की सक्रिय सहभागिता रही।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: