


पूर्णिया । ओलंपियन नीरज चोपड़ा के सम्मान में प्रत्येक वर्ष 7 अगस्त को मनाए जाने वाले राष्ट्रीय भाला फेंक दिवस के अवसर पर शुक्रवार को पूर्णिया जिला एथलेटिक संघ की ओर से जिला स्तरीय भाला फेंक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। स्थानीय इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से करीब 85 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और अलग-अलग आयु वर्ग में अपनी प्रतिभा एवं खेल कौशल का प्रदर्शन किया।

जिला एथलेटिक संघ की अध्यक्ष नीलम अग्रवाल ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य भाला फेंक खेल में उभरती प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण एवं आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने आने का अवसर मिलता है। साथ ही युवाओं में भाला फेंक के प्रति रुचि, जागरूकता और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।
संघ के सचिव एम.एच. रहमान ने बताया कि पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित राज्य स्तरीय भाला फेंक प्रतियोगिता में पूर्णिया की लक्ष्मी कुमारी मुर्मू ने अंडर-18 आयु वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके साथ उन्हें पांच हजार रुपये का नकद पुरस्कार भी मिला। उन्होंने इसे पूर्णिया जिले के खिलाड़ियों एवं खेलप्रेमियों के लिए गौरव की बात बताया।
उन्होंने कहा कि पूर्णिया में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता सफल रही। ओलंपियन नीरज चोपड़ा की उपलब्धियों से प्रेरणा लेकर जिले के युवा भाला फेंक को खेल के साथ-साथ करियर के रूप में भी अपनाएं, यही आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है।
बालिका वर्ग में इन खिलाड़ियों ने जीते पदक
अंडर-14 बालिका वर्ग में संध्या कुमारी ने स्वर्ण, राधिका मयूर ने रजत और रुचिका कुमारी ने कांस्य पदक जीता। अंडर-16 में शांति प्रिया ने स्वर्ण, खुशी कुमारी ने रजत और सलोनी कुमारी ने कांस्य पदक हासिल किया।
अंडर-18 वर्ग में निक्की कुमारी ने स्वर्ण पदक जीता। अंडर-20 में सोनम कुमारी ने स्वर्ण और वर्षा कुमारी ने रजत पदक प्राप्त किया। महिला वर्ग में आरती कुमारी ने स्वर्ण, लक्ष्मी कुमारी ने रजत तथा मनीषा कुमारी ने कांस्य पदक हासिल किया।
बालक वर्ग में भी खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
अंडर-14 बालक वर्ग में प्रशांत कुमार ने स्वर्ण, युवराज सिंह ने रजत और आदर्श कुमार ने कांस्य पदक जीता। अंडर-16 में निखिल कुमार ने स्वर्ण, सौरभ कुमार ने रजत और सूरज सोरेन ने कांस्य पदक प्राप्त किया।
अंडर-18 वर्ग में ओम कश्यप ने स्वर्ण, अभिजीत कुमार ने रजत और आशीष कुमार ने कांस्य पदक हासिल किया। अंडर-20 में हिमांशु कुमार ने स्वर्ण, आयुष कुमार ने रजत और आदित्य कुमार ने कांस्य पदक जीता।
पुरुष वर्ग में विष्णु देव कुमार ने स्वर्ण, ज्ञानी कुमार ने रजत और दीपक कुमार ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे। इस अवसर पर ए.के. बोस, सुमित प्रकाश, संदीप सिंह, असद राजा, आलोक लोहिया, मोसव्वर अहमद, रवि रंजन प्रकाश, गौतम वर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
















