


पूर्णिया। मिल्लिया फखरूद्दीन अली अहमद बी.एड. शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, रामबाग, पूर्णिया में बुधवार को स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत सांकेतिक श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं प्रशिक्षुओं ने सामूहिक रूप से महाविद्यालय परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।

कार्यक्रम का नेतृत्व प्राचार्य डॉ. शहबाज रिजवी ने किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान नागरिकों को सामूहिक जिम्मेदारी का बोध कराता है। ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम वर्ष 2017 से प्रतिवर्ष आयोजित किया जा रहा है, जिसके माध्यम से लोग स्वेच्छा से अपने आसपास की सफाई कर स्वच्छ भारत मिशन को मजबूत बना रहे हैं।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में यह अभियान 1 अगस्त से 15 अगस्त तक चलाया जा रहा है। इसके तहत गांवों और शहरों में सामूहिक श्रमदान, सार्वजनिक स्थलों एवं कूड़ास्थलों की सफाई तथा स्वच्छ वातावरण के निर्माण पर विशेष बल दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन जन आंदोलन का रूप ले चुका है, जिससे स्वच्छता के साथ-साथ स्वास्थ्य, सम्मान और सामाजिक जागरूकता को भी बढ़ावा मिला है।
प्राचार्य ने कहा कि स्वच्छता केवल कचरा प्रबंधन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ, सुंदर और सम्मानजनक जीवनशैली का आधार है। अभियान का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वच्छता का संदेश पहुंचाना और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम में डॉ. मुरलीधर कुमार, कमलेश कुमार, प्रवीण कुमार सिंह, राजीव कुमार, सौरभ कुमार, अंसारूल हक, शादाब कौसर, मो. सफीर अहमद, सूरज कुमार, बुनो, सुधा, उमा, बबीता सहित महाविद्यालय के सभी सहायक प्राध्यापक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
















