


48 घंटे के भीतर दो अपराधी हथियार के साथ गिरफ्तार
नवगछिया पुलिस ने परबत्ता थाना क्षेत्र में हुए मोमोज दुकानदार गोलीकांड का सफल उद्भेदन करते हुए महज 48 घंटे के भीतर दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा और जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।

शुक्रवार को नवगछिया पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने कार्यालय वेश्म में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 12 मई 2026 को परबत्ता थाना क्षेत्र के गरैया मोड़ के पास बाइक सवार दो अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इस मामले में परबत्ता थाना कांड संख्या-64/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान परबत्ता थाना क्षेत्र के जगतपुर निवासी सिंटु कुमार, पिता लीलो यादव तथा जागो उर्फ सुधांशु कुमार, पिता स्वर्गीय मानस उर्फ मोफिल यादव के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। आरोपियों ने बताया कि ग्रामीण अमर कुमार के साथ बकाया पैसे को लेकर उनका पहले से विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन दोनों आरोपी अमर कुमार के घर के पास गाली-गलौज कर रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद सौरभ कुमार से अमर कुमार के बारे में पूछताछ की गई। जानकारी नहीं देने पर कहासुनी और मारपीट शुरू हो गई। इसी क्रम में सिंटु कुमार ने सौरभ कुमार को गोली मार दी।

एसपी राजेश कुमार ने बताया कि इस कार्रवाई में पुलिस टीम ने त्वरित और साहसिक कार्रवाई की। छापेमारी टीम में परबत्ता थानाध्यक्ष अश्विनी कुमार सिन्हा, भवानीपुर थानाध्यक्ष शंभु कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सुजीत कुमार, डीआईयू के अमित कुमार, धर्मवीर कुमार, पप्पू कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है तथा मामले की आगे की जांच जारी है।
















