


लूटी गई नकदी और हथियार के साथ तीन अपराधी गिरफ्तार
नवगछिया पुलिस ने पिकअप चालकों से लूटपाट मामले का त्वरित उद्भेदन करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई नकदी तथा एक देशी कट्टा भी बरामद किया है।
शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में नवगछिया पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि 14 मई 2026 की रात खरीक थाना को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के गोट खरीक मोड़ के पास तीन अपराधी हथियार का भय दिखाकर दो पिकअप चालकों से लूटपाट कर रहे हैं।

सूचना मिलते ही खरीक थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी शुरू की। कार्रवाई के दौरान खरीक थाना क्षेत्र के गणेशपुर निवासी गब्बर कुमार, पिता बिंदेश्वरी यादव को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से लूटी गई 850 रुपये नकद राशि बरामद की गई।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ एवं उसकी निशानदेही पर घटना में शामिल दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गणेशपुर निवासी दिलखुश कुमार, पिता जनेसर यादव तथा राहुल कुमार, पिता अनिल यादव के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त एक देशी कट्टा तथा लूटी गई 1500 रुपये नकद राशि बरामद की है।
एसपी राजेश कुमार ने बताया कि पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने लूटकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। इस मामले में खरीक थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।















