


‘राजनीतिक इशारे पर सोशल मीडिया में फैलाया जा रहा दुष्प्रचार, विकास कार्यों को बाधित करने का प्रयास’
पूर्णिया। नगर निगम पूर्णिया की छवि को धूमिल करने तथा विकास कार्यों को प्रभावित करने की कथित साजिश को लेकर वार्ड संख्या-11 के पार्षद प्रतिनिधि ललनेश सिंह एवं वार्ड संख्या-13 के पार्षद प्रतिनिधि श्रीप्रसाद महतो ने बुधवार को संयुक्त प्रेस वार्ता आयोजित की। दोनों प्रतिनिधियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से नगर निगम के विरुद्ध प्रसारित की जा रही बातों को तथ्यहीन, भ्रामक एवं राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित बताया।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए ललनेश सिंह ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से नगर निगम के खिलाफ सुनियोजित तरीके से दुष्प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग राजनीतिक स्वार्थ की पूर्ति के लिए नगर निगम की कार्यशैली और विकास कार्यों पर अनर्गल आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम की कार्यप्रणाली पूरी तरह नियमों और प्रक्रियाओं के अनुरूप संचालित होती है तथा सभी वित्तीय और विकास संबंधी निर्णय बोर्ड की स्वीकृति से लिए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि नगर निगम के बजट को लेकर भी लोगों को भ्रमित किया जा रहा है। नगर निगम का बजट अनुमानित आय और व्यय पर आधारित होता है तथा सरकार द्वारा विभिन्न मानकों के आधार पर राशि का आवंटन किया जाता है। प्रत्येक वित्तीय वर्ष का बजट और व्यय विवरण संबंधित जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराया जाता रहा है

वहीं वार्ड संख्या-13 के पार्षद प्रतिनिधि श्रीप्रसाद महतो ने कहा कि नगर निगम के आय-व्यय और विकास कार्यों से संबंधित सभी जानकारी सार्वजनिक रिकॉर्ड में उपलब्ध है। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर गलत आंकड़े प्रस्तुत कर जनता को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 में 598 करोड़ रुपये के अनुमानित बजट के विरुद्ध 216 करोड़ रुपये खर्च हुए, वर्ष 2024-25 में 633 करोड़ रुपये के बजट के मुकाबले 260 करोड़ रुपये तथा वर्ष 2025-26 में 466 करोड़ रुपये के बजट के विरुद्ध 317 करोड़ रुपये खर्च किए गए।
उन्होंने कहा कि शहर में जलनिकासी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं। वार्ड संख्या-4 में डॉलर हाउस चौक से चुनापुर घाट तक लगभग तीन किलोमीटर लंबे नाले का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे भविष्य में जलजमाव की समस्या से राहत मिलेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग निजी और राजनीतिक कारणों से विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न करने का प्रयास कर रहे हैं।
दोनों पार्षद प्रतिनिधियों ने कहा कि नगर निगम के सभी निर्णय पारदर्शी तरीके से लिए गए हैं और यदि किसी को कोई आपत्ति है तो वह तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखे। उन्होंने जनता से अपील की कि सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहें तथा विकास कार्यों को राजनीति का विषय न बनाया जाए।

प्रेस वार्ता में दोनों प्रतिनिधियों ने कहा कि वे विकास, पारदर्शिता और जनहित की राजनीति में विश्वास रखते हैं तथा नगर निगम पर लगाए जा रहे हर आरोप का तथ्यात्मक जवाब देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पूर्णिया की जनता सच और झूठ के बीच अंतर समझती है तथा विकास विरोधी राजनीति को उचित जवाब देगी।















