


पूर्णिया।
पूर्णिया नगर निगम के संवाद कक्ष में रविवार को महापौर की अध्यक्षता में आयोजित विदाई समारोह में नगर आयुक्त श्रीकुमार मंगलम को भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर नगर निगम के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह को संबोधित करते हुए महापौर विभा कुमारी ने कहा कि स्थानांतरण सरकारी सेवा का स्वाभाविक हिस्सा है, लेकिन लंबे समय तक साथ कार्य करने के बाद बिछड़ने का क्षण हमेशा भावुक कर देता है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति की वास्तविक पहचान उसके कर्म, व्यवहार और कार्यशैली से होती है तथा किसी अधिकारी के जाने के बाद ही उसके योगदान का सही मूल्यांकन होता है।
महापौर ने कहा कि श्रीकुमार मंगलम ने केवल एक प्रशासनिक अधिकारी के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन नहीं किया, बल्कि सामाजिक सरोकारों के साथ आम लोगों से जुड़कर कार्य किया। अपने सौम्य स्वभाव, विनम्र व्यवहार और कार्यकुशलता के कारण उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच विशेष पहचान बनाई तथा सभी का विश्वास अर्जित किया।
उन्होंने कहा कि नगर आयुक्त के कार्यकाल में नगर निगम क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों को गति मिली। श्रीकुमार मंगलम विकास योजनाओं के प्रति हमेशा गंभीर रहे और उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए लगातार प्रयास करते रहे। उन्होंने यह भी कहा कि स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम जैसी महत्वाकांक्षी योजना उनके कार्यकाल में पूरी नहीं हो सकी, जिसका मलाल उन्हें भी रहेगा। इसके बावजूद शहर के विकास में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
महापौर विभा कुमारी ने नगर आयुक्त के उत्तम स्वास्थ्य, सुखद एवं सफल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे जहां भी अपनी सेवाएं दें, उसी समर्पण, ईमानदारी और निष्ठा के साथ जनता एवं विभाग के हित में कार्य करते रहें। उन्होंने नई जिम्मेदारियों के लिए उन्हें शुभकामनाएं भी दीं।
समारोह में उप नगर आयुक्त विजय प्रताप सिंह, सिटी मैनेजर पवन कुमार पवन, प्रधान सहायक उमेश यादव, सदर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी जितेंद्र यादव, वार्ड पार्षद दीपा भारती, ममता सिंह, चांदनी देवी, राखी देवी, मो. सिताब, अभिजीत कुमार उर्फ निप्पू, राकेश राय, अर्जुन सिंह, नवल जायसवाल, स्वपन घोष, अमित कुमार सोनी, बबलू सहाय, लखेन्दर साह, अंजनी साह, आतिश सनातनी, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि श्रीप्रसाद महतो, शंकर यादव, राजीव सिंह, आशीष पोद्दार, अमरेंद्र कुशवाहा, मनोज साह, रहीम अंसारी, ललनेश सिंह, कुणाल किशोर, राहुल मिश्रा, बहादुर यादव सहित नगर निगम के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
















