5
(1)

नवगछिया पुलिस जिले के नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत भवानीपुर थाना क्षेत्र के मधुरापुर बाजार में स्थित एक ज्वेलरी दुकान में चोरी का प्रयास विफल हो गया। अज्ञात बदमाशों ने देर रात दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की, लेकिन शटर नहीं टूटने के कारण वे अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, मधुरापुर बाजार स्थित श्री कृष्ण ज्वेलर्स के संचालक ज्ञानदेव कुमार पोद्दार को शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने फोन कर दुकान के शटर से छेड़छाड़ किए जाने की सूचना दी। सूचना मिलते ही वह दुकान पहुंचे, जहां उन्होंने देखा कि शटर तोड़ने का प्रयास किया गया था।

इसके बाद उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। फुटेज में शुक्रवार देर रात करीब 3:30 बजे दो अज्ञात युवक दुकान के सामने पहुंचते दिखाई दे रहे हैं। दोनों अपने साथ लोहे की रॉड लेकर आए थे। पहले उन्होंने आसपास का जायजा लिया और फिर दुकान का शटर उखाड़ने का प्रयास शुरू कर दिया।

काफी देर तक दोनों बदमाश शटर तोड़ने की कोशिश करते रहे, लेकिन मजबूत शटर होने के कारण वे सफल नहीं हो सके। पकड़े जाने की आशंका होने पर दोनों वहां से फरार हो गए। इस कारण दुकान में रखे सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान सुरक्षित बच गए।

घटना की सूचना मिलते ही भवानीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुकान का निरीक्षण करने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर बदमाशों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आसपास के प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपितों के आने-जाने के मार्ग का पता लगाया जा सके।

दुकानदार ज्ञानदेव कुमार पोद्दार ने बताया कि यदि बदमाश शटर तोड़ने में सफल हो जाते, तो लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो सकते थे। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द आरोपितों की गिरफ्तारी तथा बाजार क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की है।

भवानीपुर थाना पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात बदमाशों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: