


छापेमारी में पांच बोतु बरामद, मीट कारोबार और सप्लाई चेन पर उठे गंभीर सवाल
नवगछिया में मटन के नाम पर धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है। सोमवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तेतरी निवासी मोहम्मद उमर को हिरासत में लिया। आरोप है कि वह खस्सी (बकरे) के नाम पर ‘बोतू’ जानवर का मांस बेच रहा था। छापेमारी के दौरान दुकान में छिपाकर रखे गए पांच बोतु बरामद किए गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, लंबे समय से इस तरह की गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही थी। सोमवार को सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित मटन दुकान पर छापा मारा, जहां से उक्त बरामदगी हुई। घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
स्थानीय सूचना पर हुई कार्रवाई
थाना प्रभारी रवि शंकर सिंह ने बताया कि पुलिस को स्थानीय लोगों से सूचना मिली थी कि मटन दुकान पर गलत तरीके से मांस बेचा जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की और संदिग्ध बरामद किया। दुकानदार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा मामले की गहराई से जांच जारी है।
नियमों की अनदेखी, स्वास्थ्य पर खतरा
मांस विक्रय से जुड़े स्पष्ट नियम एवं मानक निर्धारित हैं, जिनका पालन करना अनिवार्य होता है। इसके बावजूद कथित रूप से गलत तरीके से मांस बेचे जाने की घटना सामने आने से लोगों में आक्रोश है। उपभोक्ताओं का कहना है कि इस प्रकार की धोखाधड़ी न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करती है।
घटना के बाद नवगछिया के मीट कारोबार पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई दुकानदार लंबे समय से खस्सी के नाम पर अन्य जानवरों का मांस बेचकर ग्राहकों को ठग रहे थे। कुछ दुकानदारों पर यह भी आरोप है कि वे होटलों, ढाबों और रेस्टोरेंट तक इस तरह का मांस सप्लाई कर रहे थे।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन पर नियमित जांच और सख्त कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इस तरह की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं, लेकिन ठोस कार्रवाई के अभाव में यह अवैध कारोबार लगातार जारी रहा।
फिलहाल पुलिस इस मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह नेटवर्क कितने बड़े स्तर पर संचालित हो रहा था। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मटन खरीदते समय सतर्क रहें और केवल विश्वसनीय दुकानों से ही खरीदारी करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने को कहा गया है।















