


भागलपुर : भागलपुर स्थित विक्रमशिला सेतु पर रविवार की आधी रात को तकनीकी खराबी के कारण यातायात पूरी तरह बंद कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार सेतु के जॉन-ए के पी-3 एवं पी-4 के बीच सस्पेंडेड स्पैन का हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर गिर गया, जिसके बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुल से सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही रोक दी गई।
प्रशासन द्वारा नवगछिया एवं सीमांचल की ओर जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है। अब वाहनों का परिचालन भागलपुर–दोगच्छी–सुलतानगंज–मुंगेर–खगड़िया–नवगछिया मार्ग से किया जाएगा। इसके अतिरिक्त भागलपुर 4-लेन बायपास (एनएचएआई मार्ग) से सुलतानगंज–बरियारपुर–मुंगेर–खगड़िया होते हुए नवगछिया जाने की व्यवस्था भी की गई है।

जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए इन वैकल्पिक मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट करने का आदेश जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें और अनावश्यक भीड़ से बचें।
विक्रमशिला सेतु उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने वाला एक प्रमुख संपर्क मार्ग है। इसके बंद होने से आवागमन और व्यापारिक गतिविधियों पर असर पड़ने की संभावना है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और मरम्मत कार्य को लेकर तकनीकी टीम द्वारा जांच की जा रही है।















