


नवगछिया।
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नवगछिया पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बुधवार को पुलिस ने एनएच-31 स्थित जीरो माइल के समीप वाहन जांच के दौरान एक बोलेरो पिकअप से भारी मात्रा में कफ सिरप बरामद किया। इस कार्रवाई में एक तस्कर को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधीक्षक नवगछिया राजेश कुमार के निर्देश पर अवैध आग्नेयास्त्र एवं मादक पदार्थों के निर्माण, भंडारण और तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पटना की ओर से एक पिकअप वाहन में कफ सिरप की बड़ी खेप नवगछिया लाई जा रही है। सूचना के आधार पर जीरो माइल के पास सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान संदिग्ध बोलेरो पिकअप को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से कुल 747 लीटर कफ सिरप बरामद हुआ, जो करीब 50 पेटियों में लोड था। पुलिस ने मौके पर ही वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नीतीश कुमार के रूप में हुई है, जो विजय पासवान का पुत्र एवं पटना जिले के खुसरूपुर थाना क्षेत्र के हरदास बिगहा गांव का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने बरामद कफ सिरप और तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है।
इस संबंध में एसपी राजेश कुमार ने प्रेस वार्ता कर बताया कि बरामद कफ सिरप की बाजार कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इस कफ सिरप का उपयोग अवैध नशे के कारोबार में किया जाना था।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह खेप कहां पहुंचाई जानी थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।
नवगछिया थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।













