0
(0)

नवगछिया।
भागलपुर प्रक्षेत्र के आईजी विवेक कुमार ने गुरुवार को नवगछिया पुलिस कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया। निरीक्षण के बाद आईजी ने पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार के साथ बैठक कर पुलिस की कार्यप्रणाली और विभिन्न शाखाओं के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक के दौरान आईजी ने सभी लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए और कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि समयबद्ध तरीके से केस का निपटारा सुनिश्चित करना पुलिस की जिम्मेदारी है।

निरीक्षण के क्रम में आईजी ने पुलिस कार्यालय की सामान्य शाखा, अपराध शाखा, विधि शाखा, हिंदी शाखा, लेखा शाखा, डीसीबी, मद्य निषेध, पेंशन एवं अभियोजन शाखा सहित अन्य इकाइयों का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आईजी विवेक कुमार ने कहा कि नवगछिया क्षेत्र में पुलिसिंग को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए रणनीतिक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने नई तकनीकों के उपयोग, साइबर अपराध से निपटने की तैयारी तथा पुलिसकर्मियों की क्षमता वृद्धि पर विशेष जोर दिया। साथ ही सभी थानों, डीएसपी कार्यालयों एवं अन्य इकाइयों को आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने यह भी कहा कि जिन थानों के पास अपनी भूमि उपलब्ध नहीं है, उनके लिए जिला प्रशासन से समन्वय स्थापित कर शीघ्र भूमि उपलब्ध कराई जाए, ताकि भवन निर्माण कार्य शुरू हो सके और पुलिस व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।

रामनवमी को लेकर सतर्क रहने का निर्देश
आगामी रामनवमी पर्व को देखते हुए आईजी ने पुलिस प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए।

निरीक्षण के अंत में आईजी ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि आम जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं होनी चाहिए।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: