5
(1)

हजारों श्रद्धालुओं की भागीदारी, पंचमुखी बालाजी धाम नवादा में हुआ समागम, झांकियों और मातृशक्ति ने बढ़ाया आकर्षण

जीएस न्यूज़

नवगछिया : रामनवमी के पावन अवसर पर नवगछिया में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) एवं बजरंग दल के तत्वावधान में भव्य और विशाल शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इस दौरान पूरा नवगछिया क्षेत्र भगवामय हो गया और हर तरफ ‘जय श्री राम’ के जयघोष से वातावरण गूंज उठा।

यह शोभायात्रा विभिन्न क्षेत्रों—तुलसीपुर, गोपाल गौशाला, नया टोला, मकंदपुर, रंगरा, मिल टोला सहित कई स्थानों से निकाली गई, जो नगर भ्रमण करते हुए अंततः पंचमुखी बालाजी धाम, नवादा पहुंची। रास्ते भर श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते, जयकारे लगाते और उत्साह के साथ आगे बढ़ते नजर आए।

शोभायात्रा की सबसे खास बात इसकी भव्यता और आकर्षक झांकियां रहीं। दुर्गा वाहिनी की सैकड़ों युवतियां मराठा साड़ी में पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुईं, जिसने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। इसके अलावा जेसीबी पर सजे भगवान बजरंगबली की विशाल झांकी, शिव-पार्वती की जीवंत प्रस्तुति, ढोल-नगाड़ों की गूंज और डीजे पर बजते भक्ति गीतों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

पूरे नवगछिया क्षेत्र में चप्पा-चप्पा भगवा रंग में रंगा नजर आया। जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा स्वागत, जलपान और शरबत वितरण की व्यवस्था भी की गई थी, जिससे सेवा भाव का भी सुंदर उदाहरण देखने को मिला। आयोजन के दौरान युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला, वहीं महिलाएं और बच्चे भी बढ़-चढ़कर इस धार्मिक आयोजन में शामिल हुए।

इस भव्य आयोजन की तैयारियां लगभग 15 दिन पहले से ही शुरू कर दी गई थीं। विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने दिन-रात मेहनत कर इस शोभायात्रा को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए स्वयंसेवकों की तैनाती भी की गई थी, जो पूरे मार्ग में व्यवस्था संभालते नजर आए।

कार्यक्रम का नेतृत्व विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष प्रवीण भगत, जिला मंत्री नितिन कुमार, बजरंग दल के जिला संयोजक प्रहलाद कुमार, जिला सुरक्षा प्रमुख प्रिंस गुप्ता, जिला गौ-रक्षा प्रमुख गुड्डू कुमार ने किया। इसके अलावा टीनू कुमार, आयुष खेमका, सौरव पोद्दार, किशन जी, गोपाल मंडल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता आयोजन में सक्रिय रूप से जुड़े रहे।

नेतृत्वकर्ताओं ने कहा कि रामनवमी केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि हमारी सनातन संस्कृति, आस्था और मर्यादा का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से समाज में एकता, भाईचारा और सांस्कृतिक चेतना को बल मिलता है।

पूरे आयोजन के दौरान प्रशासन भी सतर्क नजर आया और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। इस भव्य शोभायात्रा ने नवगछिया में आस्था, उत्साह और सामाजिक समरसता का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: