5
(1)

नगर भ्रमण के बाद मारवाड़ी धर्मशाला में हुआ मंगल पाठ व भजन-कीर्तन, बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल

नवगछिया में जीण माता सेवा समिति द्वारा भव्य चुनरी यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा वातावरण भक्ति एवं आस्था से सराबोर हो गया। ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ निकाली गई इस चुनरी यात्रा ने नगर में आकर्षण का केंद्र बना दिया।

चुनरी यात्रा की शुरुआत गरीब दास ठाकुरवाड़ी, नवगछिया से हुई, जहां से यह नगर भ्रमण करते हुए विभिन्न मार्गों से गुजरती हुई मारवाड़ी धर्मशाला पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालु माता के जयकारे लगाते हुए पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ शामिल हुए।

मारवाड़ी धर्मशाला पहुंचने के बाद सभी श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक जीण माता को चुनरी अर्पित की। इसके पश्चात सामूहिक रूप से मंगल पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। संध्या के समय भजन-कीर्तन का भी आयोजन किया गया, जहां भक्ति गीतों के माध्यम से माता रानी की महिमा का गुणगान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान माता जी की आकर्षक झांकियां भी प्रस्तुत की गईं, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। भजनों की प्रस्तुति पर श्रद्धालु झूमते नजर आए और पूरे परिसर में भक्ति का अद्भुत माहौल बना रहा।

जीण माता सेवा समिति के सचिव मनोज चौधरी एवं अध्यक्ष दयाराम चौधरी ने बताया कि यह “श्री जीण भवानी मंगलोत्सव” का प्रथम आयोजन नवगछिया में किया गया है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में मारवाड़ी समाज के महिला एवं पुरुषों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और आगे भी इस प्रकार के धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जाएगा।

इस भव्य आयोजन ने नवगछिया में धार्मिक एकता, श्रद्धा और सांस्कृतिक परंपरा का सुंदर संदेश दिया, जिसे लोगों ने खूब सराहा।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: