5
(3)

नवगछिया थाना क्षेत्र के नया टोला में शुक्रवार सुबह एक ट्रक चालक का संदिग्ध हालत में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी। मृतक की पहचान बिहपुर थाना क्षेत्र के सहोडी निवासी 48 वर्षीय नवीन कुमार सिंह, पिता महेश्वर सिंह के रूप में हुई है। प्रथम दृष्टया मामला गोली मारकर हत्या का बताया जा रहा है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है। पत्नी सविता देवी और इकलौते पुत्र सौरभ कुमार का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार नवीन कुमार सिंह पेशे से ट्रक चालक थे। वह पूर्णिया से ट्रक पर कोल्ड ड्रिंक एवं अन्य सामान लोड कर भागलपुर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने नवगछिया जीरोमाइल स्थित अजीत शर्मा पेट्रोल पंप के पास अपना ट्रक खड़ा किया था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की सुबह करीब चार बजे वह किसी काम से नया टोला की ओर गये थे। इसी बीच अज्ञात अपराधियों ने उन्हें निशाना बना लिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार अपराधियों ने पहले नवीन कुमार सिंह को रोका और फिर गोली मार दी। गोली लगने के बाद उनकी मौके पर ही मौत हो गयी। सुबह जब लोगों ने सड़क किनारे शव पड़ा देखा तो इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना तत्काल नवगछिया थाना पुलिस को दी गयी।

सूचना मिलते ही नवगछिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया भेज दिया। घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गयी थी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा अपराधियों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुटी हुई है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 3

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: