


नवगछिया : साइबर ठगों ने इस बार एक कॉलेज प्रोफेसर को निशाना बनाते हुए दो लाख रुपये की ठगी कर ली। नवगछिया थाना क्षेत्र के प्रोफेसर कॉलोनी निवासी 64 वर्षीय प्रोफेसर अशोक कुमार मंडल ई-केवाईसी अपडेट कराने के नाम पर साइबर ठगी का शिकार हो गए।
पीड़ित प्रोफेसर अशोक कुमार मंडल ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 5 अप्रैल की दोपहर उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को बैंक कर्मचारी बताते हुए ई-केवाईसी अपडेट करने की बात कही। इसके बाद ठग ने उनके व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजा।
जैसे ही उन्होंने लिंक खोला, उनके बैंक खाते से दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल दो लाख रुपये की राशि कट गई। कुछ ही देर बाद खाते से पैसे निकासी का मैसेज मिलने पर उन्हें ठगी का एहसास हुआ।
घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई तथा नवगछिया थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने संदिग्ध मोबाइल नंबर एवं ट्रांजेक्शन से संबंधित जानकारी भी पुलिस को उपलब्ध कराई है।













