


नवगछिया :
रंगरा प्रखंड क्षेत्र के बनिया वैसी पंचायत में जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) लाइसेंस को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। पंचायत के ग्रामीणों ने एकजुट होकर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को लिखित आवेदन सौंपते हुए एक विवादित व्यक्ति को पीडीएस लाइसेंस दिए जाने का कड़ा विरोध जताया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि बनिया निवासी अनिल कुमार रजक द्वारा पीडीएस लाइसेंस के लिए आवेदन किया गया है, जबकि उनके नाम पर पहले से ही खाद-बीज लाइसेंस, सीएसपी (ग्राहक सेवा केंद्र) संचालन और आटा चक्की जैसे कई व्यवसाय संचालित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि लाइसेंस प्राप्त करने के उद्देश्य से उन्होंने दिखावे के लिए एक व्यवसाय को अस्थायी रूप से बंद किया है, जिसे बाद में पुनः शुरू करने की योजना है।
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि जांच प्रक्रिया के दौरान अनियमितताएं सामने आने के बावजूद मामले को नजरअंदाज किया गया और कथित रूप से पैसे के लेन-देन के आधार पर लाइसेंस निर्गत करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
ग्रामीणों ने संबंधित व्यक्ति के व्यवहार पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उनका रवैया आम लोगों के प्रति ठीक नहीं है। ऐसे में यदि उन्हें पीडीएस लाइसेंस दिया जाता है, तो भविष्य में जन वितरण प्रणाली में गड़बड़ी और उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
इस मुद्दे को लेकर पंचायत के लोगों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि उक्त आवेदन को तत्काल निरस्त किया जाए और किसी योग्य एवं ईमानदार व्यक्ति को ही पीडीएस लाइसेंस प्रदान किया जाए।
आवेदन देने वालों में रामप्रवेश मंडल, मुकेश कुमार, संजीव कुमार, पप्पू मंडल, अशोक कुमार समेत पंचायत के दर्जनों ग्रामीण शामिल हैं।













