


सहरसा। महिलाओं की सुरक्षा, संरक्षण एवं सशक्तिकरण को मजबूत करने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए शुक्रवार को नव निर्मित ‘सखी वन स्टॉप सेंटर’ भवन का उद्घाटन किया। जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने फीता काटकर केंद्र का शुभारंभ किया तथा भवन का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
उद्घाटन के अवसर पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि केंद्र में आने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं को त्वरित, संवेदनशील और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि सखी वन स्टॉप सेंटर हिंसा, उत्पीड़न या अन्य संकटपूर्ण परिस्थितियों का सामना कर रही महिलाओं को एक ही छत के नीचे परामर्श, कानूनी सहायता, चिकित्सीय सहयोग तथा अन्य आवश्यक सेवाएं प्रदान करेगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह केंद्र महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने केंद्र के प्रभावी संचालन एवं लाभार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान आईसीडीएस की जिला कार्यक्रम पदाधिकारी पुष्पा कुमारी ने जिलाधिकारी दीपेश कुमार एवं सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्रेयांश तिवारी को पौधा भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। जिला प्रशासन की इस पहल को महिलाओं के अधिकारों की रक्षा, उन्हें त्वरित सहायता एवं न्याय दिलाने तथा समाज में उनकी सुरक्षा और सशक्तिकरण सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
















