


मूंग और मक्का की फसल पशुओं से चराने का आरोप, मारपीट व सात राउंड गोलीबारी की शिकायत
नवगछिया । भवानीपुर थाना क्षेत्र के नवटोलिया दियारा में किसानों की फसल को जबरन पशुओं से चराने और विरोध करने पर गोलीबारी किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र के किसानों में भय और आक्रोश का माहौल है। पीड़ित किसान राजू चौधरी समेत सैकड़ों किसानों ने हस्ताक्षरयुक्त आवेदन देकर भवानीपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई है।
किसानों के अनुसार सिंहपुर मौजा स्थित नवटोलिया दियारा में मूंग, मक्का और अन्य फसलें लगी हुई हैं। आरोप है कि शुक्रवार सुबह करीब सात बजे कुछ लोगों ने दर्जनों गाय-भैंसों को खेतों में छोड़ दिया, जिससे किसानों की हरी-भरी फसलें बर्बाद हो गईं। किसानों ने मवेशियों को पकड़कर बांध दिया और डायल-112 तथा स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। इसके बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों की पहल पर समझौते की कोशिश हुई। बताया गया कि पंचायत के दौरान मवेशी मालिकों ने दोबारा ऐसी घटना नहीं होने का आश्वासन दिया और मवेशियों को वापस ले जाया गया।
पंचायत के कुछ घंटे बाद फिर खेतों में छोड़े गए पशु
किसानों का आरोप है कि पंचायत समाप्त होने के महज कुछ घंटे बाद ही संबंधित लोगों ने फिर से बड़ी संख्या में मवेशियों को खेतों में छोड़ दिया। जब किसान राजू चौधरी फसल बचाने के लिए खेत पहुंचे तो वहां पहले से घात लगाए बैठे हथियारबंद लोगों ने कथित रूप से उन पर हमला कर दिया।
पीड़ित किसान का आरोप है कि जान बचाकर भागने के दौरान उनके पीछे सात राउंड फायरिंग की गई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े, जिसके बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
किसानों ने सुरक्षा की लगाई गुहार
ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी कई बार पशुओं से फसल चराकर नुकसान पहुंचाया गया है। किसानों का आरोप है कि पूर्व की घटनाओं में सख्त कार्रवाई नहीं होने से आरोपितों का मनोबल बढ़ा है। अब गोलीबारी की घटना के बाद किसान दियारा क्षेत्र में खेती करने जाने से भी डर रहे हैं।
किसानों ने प्रशासन से फसलों की सुरक्षा, जान-माल की रक्षा तथा आरोपितों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
भवानीपुर थानाध्यक्ष शंभु कुमार ने बताया कि किसानों की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। फसल चराने के विवाद में फायरिंग की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई। उन्होंने बताया कि पीड़ित किसान के आवेदन के आधार पर नामजद आरोपितों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है तथा जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।













