


भागलपुर:
नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को जिला कांग्रेस के नेतृत्व में समाहरणालय गेट पर विरोध-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे तथा परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस तथा छात्र संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं एवं पेपर लीक की घटनाओं से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले छात्रों पर पुलिस कार्रवाई लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है।

कांग्रेस नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। साथ ही राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की कार्यप्रणाली की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच, परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाने, पेपर लीक की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने तथा छात्रों पर दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग की।
प्रदर्शन के उपरांत कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सदर अनुमंडल पदाधिकारी को सौंपा। नेताओं ने कहा कि यदि सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं करती है तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
















