


पिता के श्राद्धकर्म के बाद ससुराल जा रहे थे युवक, परिवार में मचा कोहराम
नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत झंडापुर थाना क्षेत्र के दयालपुर चौक के समीप एनएच-31 पर बुधवार की रात्रि हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र के हरिपुर टोला गोसाई गांव निवासी 38 वर्षीय श्याम सुंदर सिंह पिता स्वर्गीय चुनचुन सिंह के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक की पहचान उनके मित्र एवं पड़ोसी सनी पासवान पिता खोखा पासवान, उम्र 35 वर्ष के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार श्याम सुंदर सिंह के पिता चुनचुन सिंह का निधन बीते 9 मई को हुआ था। बड़े पुत्र होने के कारण श्राद्धकर्म सहित सभी पारिवारिक जिम्मेदारियां श्याम सुंदर सिंह ही निभा रहे थे। मंगलवार को घर में शांति पूजन का आयोजन किया गया था। इसके बाद बुधवार को वह अपने मित्र सनी पासवान के साथ बाइक से ससुराल हरियो गाँव जा रहे थे।
इसी दौरान दयालपुर चौक के समीप एनएच-31 पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि श्याम सुंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सनी पासवान गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों को आनन-फानन में नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सक डॉ. तरुण कुमार ने जांच के बाद श्याम सुंदर सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल सनी पासवान का प्राथमिक उपचार करने के बाद बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे। मृतक के भाई रूपेश कुमार ने बताया कि श्याम सुंदर सिंह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी मुख्य रूप से उन्हीं के कंधों पर थी।
मृतक अपने पीछे पत्नी नीतू देवी, 14 वर्षीय पुत्री सोनाली कुमारी, 9 वर्षीय पुत्र निशांत कुमार तथा 3 वर्षीय पुत्री सोनम कुमारी को छोड़ गए हैं। पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं छोटे भाई मनसुख कुमार और रूपेश कुमार भी सदमे में हैं।
ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार पिता के निधन के बाद परिवार पहले से ही दुख में डूबा हुआ था और अब इस हादसे ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। अस्पताल परिसर में पहुंचे ग्रामीणों और परिजनों के बीच चीख-पुकार मची रही।
मौके पर पहुँची यातायात पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है।














