


कॉलेज की निदेशक नूतन गुप्ता ने पुष्पगुच्छ व अंगवस्त्र भेंट कर किया अभिनंदन, निर्माण कार्य की प्रगति की दी जानकारी
पूर्णिया। जिले के केनगर प्रखंड अंतर्गत बनियापट्टी में निर्माणाधीन शिवम मेडिकल कॉलेज के मुख्य द्वार पर बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल का भाजपा जिला मंत्री एवं कॉलेज की निदेशक नूतन गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने स्वागत किया। मंत्री पूर्णिया से जानकीनगर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बनियापट्टी स्थित मेडिकल कॉलेज परिसर के समीप उनका काफिला रुका, जहां उनका नागरिक अभिनंदन किया गया।

मंत्री के काफिले के शिवम मेडिकल कॉलेज के मुख्य द्वार पर पहुंचते ही जेसीबी के माध्यम से पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया गया। इसके बाद कॉलेज की निदेशक नूतन गुप्ता ने मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल को पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर अभिनंदन किया।
इस दौरान नूतन गुप्ता ने मंत्री को निर्माणाधीन शिवम मेडिकल कॉलेज की प्रगति और इसके उद्देश्यों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्थान का मुख्य उद्देश्य सीमांचल जैसे ग्रामीण एवं पिछड़े क्षेत्र के लोगों को किफायती और अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा देना है।

मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने मेडिकल कॉलेज की पहल की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस मेडिकल कॉलेज के शुरू होने से पूरे क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के साथ विकास के नए अवसर पैदा होंगे। स्थानीय लोगों को बेहतर इलाज के लिए दूर-दराज के शहरों में जाने की आवश्यकता कम होगी। इसके साथ ही युवाओं के लिए शिक्षा और रोजगार के अवसर भी उपलब्ध होंगे।
मंत्री के आगमन के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। स्वागत कार्यक्रम के दौरान पूरा क्षेत्र ‘जय श्रीराम’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष से गूंज उठा।
















