


नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत गोपालपुर और इस्माइलपुर थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी के पास से 750 एमएल विदेशी शराब बरामद की गई, जबकि दूसरे को शराबबंदी से जुड़े पुराने मामले में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गोपालपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लतीपाकर कांग्रेस कार्यालय के समीप एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब लेकर मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। इस दौरान अभिया बाजार निवासी चितरंजन मंडल को 750 एमएल विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बरामद शराब को जब्त कर लिया है।
इधर, इस्माइलपुर थाना पुलिस ने शराबबंदी कानून से जुड़े एक पुराने मामले में फरार चल रहे वारंटी सोनू, पिता महबूब, निवासी लक्ष्मीपुर मुसहरी टोला को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
नवगछिया पुलिस ने बताया कि शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अवैध शराब के कारोबार, तस्करी और फरार आरोपियों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
















