


पांच आपराधिक मामलों का है इतिहास
नवगछिया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए शादी समारोह में अवैध हथियार के प्रदर्शन और हर्ष फायरिंग के मामले में नवगछिया पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी का पूर्व से ही रंगदारी, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस शेष आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 22 मई 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें शादी समारोह के दौरान कुछ युवक खुलेआम अवैध हथियार का प्रदर्शन करते हुए हर्ष फायरिंग करते दिखाई दे रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक नवगछिया के निर्देश पर मामले का तत्काल संज्ञान लिया गया और वीडियो का सत्यापन कराया गया।
जांच के दौरान वीडियो को सही पाए जाने पर उसमें शामिल व्यक्तियों की पहचान की गई। इसके बाद गोपालपुर थाना में कांड संख्या-173/26 दर्ज कर मामले का अनुसंधान शुरू किया गया।
तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने लगातार छापेमारी करते हुए मामले में संलिप्त आरोपी लतरा गांव निवासी बासुकी कुमार (पिता–सुबोध यादव) को महेशपुर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने बताया कि इसी मामले में एक अन्य आरोपी को पूर्व में ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। वहीं फरार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी बासुकी कुमार का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध हत्या के प्रयास, रंगदारी, मारपीट, आर्म्स एक्ट तथा बिहार मद्यनिषेध अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में कुल पांच मामले दर्ज हैं। इनमें खरीक, ढोलबज्जा और इस्माइलपुर थानों के कांड शामिल हैं।
नवगछिया पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध हथियार का प्रदर्शन, हर्ष फायरिंग और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा तथा विधिसम्मत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
















