5
(1)

भागलपुर के जेई अमित व बिचौलिए गिरफ्तार

प्रदीप विद्रोही

भागलपुर। भागलपुर में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने मंगलवार को बिजली विभाग में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तिलकामांझी नार्थ सेक्शन के जूनियर इंजीनियर (जेई) अमित कुमार और उनके कथित बिचौलिए सौरभ कुमार को 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। दोनों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पटना ले जाया गया।
जांच के अनुसार, मायागंज के एक उपभोक्ता से बिजली संबंधी कार्य कराने के नाम पर 8 हजार रुपये की रिश्वत तय की गई थी। आरोप है कि रकम लेने के बावजूद काम पूरा नहीं हुआ। जब पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे और बात नहीं बनी, तो उसने निगरानी विभाग से शिकायत कर दी। सत्यापन के बाद टीम ने जाल बिछाया और 4 हजार रुपये की राशि लेते समय दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरारी निवासी सौरभ कुमार, जेई अमित कुमार के लिए कथित तौर पर बिचौलिए का काम करता था और उसी के माध्यम से उपभोक्ताओं से लेन-देन होता था।
पुराना रिकॉर्ड भी सवालों के घेरे में:
जेई अमित कुमार का नाम इससे पहले भी विवादों में रह चुका है। करीब चार साल पहले बांका के कटोरिया में तैनाती के दौरान उन्हें शराब के नशे में पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उस मामले में विभाग ने उन्हें निलंबित भी किया था और निलंबन अवधि में कहलगांव कार्यालय में रिपोर्टिंग का आदेश दिया गया था। बाद में बहाल होने पर उनकी पोस्टिंग फिर भागलपुर के तिलकामांझी नार्थ सेक्शन में कर दी गई थी।
विभाग में मचा हड़कंप:
सुबह-सुबह हुई निगरानी विभाग की इस कार्रवाई के बाद बिजली विभाग में दिनभर चर्चा का माहौल रहा। मामले की जांच जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: