


खेत में मां के साथ गया था बच्चा, गांव में पसरा मातम
नवगछिया । गोपालपुर थाना क्षेत्र के कालिंदीनगर गांव में खेत के पास पानी भरे गड्ढे में डूबने से चार वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
मृतक की पहचान कालिंदीनगर निवासी छंगुरी चौधरी के चार वर्षीय पुत्र राजू कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि रविवार को राजू की मां मकई की फसल काटने बहियार गई थी। छोटा राजू भी अपनी मां के साथ खेत चला गया था।

मकई काटने के दौरान राजू पास में खेल रहा था। इसी बीच खेलते-खेलते वह खेत के समीप बने पानी भरे गड्ढे में चला गया और डूब गया। कुछ देर बाद जब उसकी मां ने बेटे को आसपास नहीं देखा तो खोजबीन शुरू की, लेकिन काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला।
शाम के समय खेत के पास स्थित गड्ढे में देखने पर मासूम का शव पानी में मिला। यह दृश्य देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए।
सूचना पर गोपालपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया भेज दिया।

पुत्र की मौत के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि राजू दो भाइयों में छोटा था। उसके बड़े भाई का नाम रोहित कुमार है, जबकि उसकी एक बहन रजनी कुमारी है।
ग्रामीणों ने बताया कि खेतों के आसपास बने पानी से भरे गड्ढे छोटे बच्चों के लिए लगातार खतरा बने हुए हैं। लोगों ने प्रशासन से ऐसे स्थानों की घेराबंदी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
















