


नवगछिया स्टेशन पर उतारकर अस्पताल पहुंचाया गया, इलाज के दौरान तोड़ा दम
नवगछिया : ओखा-गुवाहाटी एक्सप्रेस में सफर के दौरान एक यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। गंभीर हालत में यात्री को नवगछिया स्टेशन पर उतारकर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिला अंतर्गत माया बाजार थाना क्षेत्र निवासी गयादीन प्रजापति के 37 वर्षीय पुत्र श्रवण प्रजापति के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, श्रवण प्रजापति ओखा-गुवाहाटी एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे थे। सफर के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। सहयात्रियों द्वारा इसकी सूचना रेलवे कंट्रोल रूम को दी गई। कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही नवगछिया आरपीएफ सक्रिय हो गई और स्टेशन पर तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कराई गई।
ट्रेन के नवगछिया स्टेशन पहुंचते ही आरपीएफ जवानों और रेल कर्मियों की सहायता से बीमार यात्री को एंबुलेंस के जरिए अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक के पास से एक बैग, कपड़े और कुछ आवश्यक कागजात बरामद हुए, जिनके आधार पर उसकी पहचान की गई। घटना की सूचना जीआरपी और स्थानीय पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा परिजनों को भी सूचना भेज दी गई है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलते ही यात्री को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई थी, लेकिन उसकी स्थिति काफी गंभीर थी। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
















