5
(1)

विक्रमशिला सेतु क्षतिग्रस्त होने के बाद परिवहन व्यवस्था को मिलेगी राहत

नवगछिया । विक्रमशिला सेतु क्षतिग्रस्त होने के बाद सीमांचल और भागलपुर क्षेत्र के बीच बाधित माल परिवहन व्यवस्था को सुचारू करने के लिए आज से तीनटंगा करारी घाट से कहलगांव गंगा घाट के बीच शार्क शिपिंग कंपनी द्वारा मालवाहक जहाजों का परिचालन शुरू किया जाएगा। इस सेवा का उद्घाटन जिला प्रशासन के अधिकारियों द्वारा किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, पिछले कई दिनों से कंपनी की ओर से दोनों घाटों पर तैयारी का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा था। बड़े वाहनों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए सड़क को समतल किया गया तथा रैंप निर्माण का कार्य भी पूरा कर लिया गया है, ताकि ट्रक और अन्य मालवाहक वाहन आसानी से जहाज पर चढ़-उतर सकें।

शार्क शिपिंग कंपनी के प्रतिनिधि अरशद रजा और तनवीर हसन ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से सुबह 5 बजे से शाम 5 बजे तक जहाज परिचालन की अनुमति दी गई है। प्रारंभिक चरण में 800 एमटी से लेकर 2000 एमटी क्षमता वाले चार मालवाहक जहाज परिचालन में लगाए जाएंगे।

इन जहाजों के माध्यम से ट्रक, पिकअप, जीप और कारों का परिवहन किया जाएगा। कंपनी की ओर से वाहनों का किराया उनके एक्सेल और क्षमता के अनुसार निर्धारित किया गया है। छोटे वाहनों के लिए 600 से 700 रुपये तक शुल्क तय किया गया है।

प्रशासन द्वारा सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष तैयारी की गई है। कहलगांव स्थित एनएच-80 श्मशान घाट तक तथा तीनटंगा करारी से नवगछिया तक पीडब्ल्यूडी सड़क पर निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि यातायात सुचारू बना रहे और किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

स्थानीय व्यापारियों और वाहन चालकों का कहना है कि इस सेवा के शुरू होने से विक्रमशिला सेतु क्षतिग्रस्त होने के बाद उत्पन्न परिवहन संकट से काफी राहत मिलेगी। खासकर सीमांचल क्षेत्र से भागलपुर और अन्य जिलों तक माल ढुलाई अब पहले की तुलना में अधिक आसान हो सकेगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: